2 नवंबर 2019 - 14:38
तुर्की ने दी युरोपीय देशों को बड़ी धमकी...हमारा देश आतंकवादियों का होटल नहीं!

तुर्की के गृहमंत्री ने कहा है कि उनका देश दाइश के आतंकवादियों का होटल नहीं है और अन्करा, इस आतंकवादी गुट के युरोपीय सदस्यों को उनके देश वापस भेजेगा।

तुर्की के गृहमंत्री " सुलैमान सोयलू" ने कहा कि दाइश के युरोपीय सदस्यों की नागरिकता समाप्त किये जाने के युरोपीय नेताओं के बयानों को स्वीकार नहीं किया जा सकता और तुर्की दाइश के बंदियों को उनके देशों में वापस भेज कर रहेगा। 

तुर्की के गृहमंत्री ने शरणार्थियों और युरोपीय आतंकवादियों के बारे में युरोपीय देशों के व्यवहार को ज़िम्मेदारी से भागना बताया और कहा कि तुर्की, किसी भी आतंकवादी के लिए होटल नहीं है और हर आतंकवादी को इस देश से निकलना होगा। 

याद रहे उत्तरी सीरिया में तुर्की के सैन्य अभियान के आंरभ के साथ ही तुर्की की ओर से दाइश के आतंकवादियों की गिरफ्तारी की खबरें दी जाती रही हैं। 

उत्तरी सीरिया पर तुर्की के हमले का युरोपीय देशों ने समर्थन नहीं किया जिसकी वजह से तुर्की युरोपीय देशों को यह धमकी दे रहा है कि वह अपनी सीमाएं खोल देगा और शरणार्थियों की बाढ़ युरोप की ओर बढ़ जाएगी।